हरिद्वार में पीएम मोदी ने किया पतंजलि रिसर्च सेंटर का उद्घाटन, रामदेव बोल- ‘मोदी राष्ट्रऋषि
केदारनाथ का दौरा करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरिद्वार में बाबा रामदेव के पतंजलि योगीपीठ पहुंचे. यहां मोदी बाबा रामदेव के रिसर्च सेंटर में पहुंचे, जहां उन्होंने पतंजलि रिसर्च सेंटर का उद्घाटन किया है. बाबा रामदेव ने स्टेज पर पीएम मोदी के गले मैं माला डालकर उनका स्वागत किया.
इस दौरान बाबा रामदेव ने कहा कि आज पतंजलि योगीपीठ पीएम मोदी का अभिनंदन करता है. उन्होंने कहा कि मोदी इस राष्ट्र को एक ऋषि के रूप में मिले हैं. इसलिए हम आज उन्हें राष्ट्रऋषि का सम्मान देते हैं. रामदेव ने कहा कि देश के गरीब और वंचित लोग मोदी में अपना स्वरूप देखते हैं.
बाबा रामदेव ने आयुर्वेदिक दवाओं पर रिसर्च के लिए ये रिसर्च सेंटर बनाया है. रिसर्च सेंटर बनाने के पीछे उद्देश्य ये है कि आयुर्वेदिक दवाओं को दुनिया भर में मान्यता मिले और वैज्ञानिक मान्यताओं पर भी वो खरी उतरें. रामदेव का ये रिसर्च सेंटर दस एकड़ में फैला हुआ है.
इस महाआयोजन को लेकर योगगुरु बाबा रामदेव खासे उत्साहित नज़र आए. उन्होंने खुद पीएम मोदी के साथ रहकर रिसर्च सेंटर की एक-एक खूबी के बारे में बताया. पीएम मोदी ने भी रिसर्च सेंटर में बारिकियों से एक-एक चीज को समझा.
कल बाबा रामदेव ने कहा था कि आज़ाद भारत के 70 सालों के इतिहास में आयुर्वेद को एविडेन्स बेस के तौर पर स्थापित करने का कार्य यहां होगा. एलोपेथी की तरह आयुर्वेद को भी पूरी दुनिया मे मान्यता मिलेगी. बाबा ने बताया कि यहां केंसर तक का उपचार किया जाएगा और इससे जुड़ी सभी रिसर्च भी की जाएगी.
No comments:
Post a Comment