लंदन में संसद के पास आतंकी हमले में 5 की मौत, 40 जख्मी, मोदी ने जताया दुख
लंदन में संसद के पास आतंकी हमला हुआ है. इस हमले में पांच लोग मारे गए हैं जबकि 40 जख्मी हुए हैं. हमलावर कार से आया था और उसने कई लोगों को रौंद दिया. इस हमले में किसी भारतीय के हताहत होने की खबर नहीं है.
निशाने पर ब्रिटेन की संसद?
सेंट्रल लंदन के बेहद संवेनशील इलाके में बुधवार दोपहर भारी अफरातफरी मच गई. लंदन की संसद वेस्टमिंस्टर पैलेस के पास बने वेस्टमिसंटर ब्रिज पर एक एसयूवी कार ने कहर बरपा दिया.
संसद की इमारत को सील कर दिया गया
हमला लंदन की संसद के पास हुआ था लिहाजा तुरंत चारों तरफ सुरक्षाकर्मियों की फौज खड़ी हो गई. तत्काल संसद की कार्रवाई रोक दी गई. संसद की इमारत को सील कर दिया गया. वेस्टमिंस्टर अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया गया. लंदन आई के नाम से मशहूर जायंट व्हील में लोग कुछ देर तक फंसे रह गए.

पीएम मोदी ने जताया दुख
लंदन में हुए आंतकी हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर दुख जताया है, उन्होंने लिखा है, ”लंदन में हुए आतंकी हमले से मैं दुखी हूं. पीड़ित लोगों के साथ मेरी पूरी संवेदना है. संकट की इस घड़ी में भारत ब्रिटेन के साथ खड़ा है.”
At this difficult moment, India stands with UK in the fight against terrorism. @theresa_may @Number10Gov
नीस में भी हुआ था ऐसा ही हमला
पिछले साल जुलाई में फ्रांस के नीस में इसी तरह का हमला हुआ था जब एक ट्रक ने लोगों को रौंद दिया था. उस हमले में 80 से ज्यादा लोगों की जान गई थी. अब लंदन में ट्रक की जगह कार ने कहर बरपाया है. हमलावर कौन था कहां से आया था, अभी इसका खुलासा नहीं हो सका है. हालांकि पुलिस को शक है कि इस हमले के पीछे इस्लामिक आतंकवाद हो सकता है.
मशहूर वेस्टमिंस्टर इलाका लंदन का दिल कहा जाता है. वेस्टमिंस्टर में संसद, मशहूर चर्च वेस्टमिंस्टर एबे, महारानी और पीएम का आवास है. विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा कि लंदन हमले में किसी भारतीय को नुकसान नहीं पहुंचा है. हालांकि लंदन में भारतीयों की मदद के लिए हेल्पलाइन 020-8629 5950 और 7632 3035 जारी कर दी गई है.

No comments:
Post a Comment